हत्यारे की तलाश मे जुटी पुलिस, प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
रुड़की। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव मे प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज वारदात मे भाई ने अपनी बहन और उसके प्रेमी को गोली मार दी। अस्पताल पहुँचने से पहले दोनों की मौत हो गयी।
अमन पुत्र रामकुमार कश्यप निवासी झबरेड़ी कलां पर आरोप है कि उसने अपनी 23 साल की बहन और 20 साल के सूरज पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देकर अमन मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि आरोपी भाई दोनों के प्रेम प्रसंग से नाराज था और इसी के चलते भाई के सिर पर खून सवार हुआ और पहले उसने पड़ोस में रहने वाले बहन के प्रेमी को गोली मारी। उसके बाद घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया है.
प्रारंभिक तौर पर वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद बतायी जा रही है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और वारदात से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश मे जुटी है।