देहरादून। उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मणझूला रोड की ओर से खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के लिए प्राप्त 12 लाख 31 हजार 458 रुपये की धनराशि बैंक में जमा न करने और उसके कथित गबन के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को विकासनगर क्षेत्र से गिरफ्तार करने के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बैंक के सचिव/महाप्रबंधक एसएस राणा ने 24 मई 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि दीपक बढ़ई बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्यरत था। इस दौरान उसने अलग-अलग तिथियों में बैंक के खाताधारकों से बैंक में जमा करने के लिए धनराशि प्राप्त की, लेकिन उक्त धनराशि बैंक में जमा नहीं की। आरोप है कि इस तरह कुल 12,31,458 रुपये की धनराशि का गबन किया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए और उसकी तलाश की।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी गोपेश्वर मंदिर मार्ग, गली नंबर 11/7, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, उम्र 29 वर्ष को 9 सितंबर 2026 को उदय बाग, विकासनगर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में विवेचना जारी है।

Leave a Reply