हरिद्वार। भारी बारिश के दौरान रावली महदूद क्षेत्र में नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से छह वर्षीय बालिका बह गई। बालिका की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें बीती शाम से लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बीती शाम थाना सिडकुल पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद क्षेत्र में पुलिया के समीप खेल रही दो बालिकाएं बारिश से नाले में आए तेज पानी की चपेट में आ गई हैं। सूचना मिलते ही थाना सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सात वर्षीय हिमानी को सकुशल बाहर निकाल लिया गय
वहीं, छह वर्षीय विदिशा पुत्री गौतम कुमार, निवासी ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर, हाल निवासी कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद, तेज बहाव के कारण नाले में बह गई। पुलिस टीम और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। नाले तथा आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ के जवान स्थानीय लोगों की मदद से बालिका की तलाश में जुटे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान बच्चों को बरसाती नालों, पुलियाओं और जलभराव वाले स्थानों के आसपास न जाने दें। साथ ही तेज बहाव वाले पानी को पार करने का जोखिम न उठाएं।