यूके एसएससी पर कोर्ट का आदेश न मानने का आरोप, धस्माना ने ठोका सांकेतिक ताला

आयोग ने प्रपत्र सत्यापन स्थगित किया

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सूर्यकांत धस्माना ने आंदोलनरत अभ्यर्थियों के साथ  उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग रायपुर थानों रोड के कार्यालय पर माध्यमिक सहायक अध्यापक भर्ती में धांधली और उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के विरोध में सांकेतिक ताला ठोक प्रदर्शन किया।

धस्माना शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे आयोग कार्यालय पहुंचे। वहां पहले से मौजूद अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। धस्माना ने कहा कि UK TRIPLE SSC ने अपनी विश्वसनीयता खो दी है। पेपर लीक, नकल और परिणामों में हेराफेरी के कारण यह आयोग न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश में बदनाम हो चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 1544 पदों की माध्यमिक सहायक अध्यापक भर्ती में आंसर की में ही विसंगतियां हैं। उच्च न्यायालय ने 3 जून 2026 के आदेश में स्पष्ट कहा था कि भर्ती 9 फरवरी 2025 की कट ऑफ के आधार पर की जाए, लेकिन आयोग ने अब तक आदेश का पालन नहीं किया।

बाद में अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल की सचिव एन.एस. डुंगरियाल से वार्ता हुई। धस्माना ने कहा कि आयोग जानबूझकर न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर रहा है और अभ्यर्थियों को आपस में लड़वाने की साजिश कर रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यह सांकेतिक ताला ठोक प्रदर्शन केवल शुरुआत है। अगर आयोग का रवैया नहीं बदला तो कांग्रेस पार्टी सीधे आंदोलन में उतरेगी। उन्होंने मांग की कि उच्च न्यायालय का अंतिम निर्णय आने तक शेष पदों का प्रपत्र सत्यापन स्थगित किया जाए और 9 फरवरी 2025 की कट ऑफ जारी की जाए।

धस्माना ने बताया कि सचिव डुंगरियाल ने शाम 4 बजे तक आयोग अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया से बात कर निर्णय बताने का आश्वासन दिया। शाम 3:30 बजे उन्होंने फोन पर सूचित किया कि *आयोग ने प्रपत्र सत्यापन स्थगित कर दिया है और इसकी सूचना वेबसाइट पर भी डाल दी गई है।

धस्माना ने कहा कि यदि सकारात्मक उत्तर नहीं मिला तो गुरुवार से आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष श्री दिनेश कौशल, श्री सूरत सिंह नेगी, आनंद सिंह पुंडीर, यूकेडी नेता देवचंद उत्तराखंडी, तथा अभ्यर्थी गोपीचंद, गजेन्द्र सजवान, तुषार बिष्ट, संदीप, दीपका रमोला, उषा रमोला, मनोरमा, माया, रश्मि, मीनाक्षी, सुनील कुमार, नवीन कुमार, विकास सहित बड़ी संख्या में माध्यमिक सहायक अध्यापक अभ्यर्थी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *