मानसून में अवैध शिकार की रोकथाम के लिए जंगल में कॉम्बिंग, वन कर्मियों ने की गश्त

रामनगर। मानसून के दौरान जंगल में घुसपैठ कर वन्यजीवों व बन सम्पदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए वीरवार को कई डिविजनों के जवानों ने कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की दक्षिणी सीमा सहित कई रेंजों में संयुक्त गश्त का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न खत्तों में रहने वाले गुर्जरों तथा अन्य ग्रामीणों को भी जागरूक कर अवैध गतिविधि की सूचना देने की अपील की गई।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर डा. साकेत बडोला के निर्देशन में एसडीओ कालागढ़ बिंदरपाल के नेतृत्व में ढेला रेंज, झिरना रेंज एवं कालागढ़ रेंज तथा अमानगढ टाइगर रिजर्व, तराई पश्चिमी वन प्रभाग, रामनगर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च में हिस्सा गया। फ्लैग मार्च का शुभारंभ वन विश्राम भवन, ढेला रेंज से किया गया। जहां एसडीओ बिन्दर पाल स्टाफ को संयुक्त फ्लैग मार्च के उद्देश्य एवं रूट प्लान की जानकारी देते हुए बताया कि मानसून काल में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा से सम्बन्धित कार्य और अधिक चुनौती पूर्ण हो जाते हैं। गश्ती मार्ग/बटिया, वन क्षेत्र में एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त, घनी झाडियों व नदी, नाले उफान पर होने के चलते वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा का कार्य बेहद चुनौती पूर्ण हो जाता है। ऐसे में कार्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से संयुक्त विशेष गश्त का आयोजन किया जाता है।

ढेला से फ्लैग मार्च चौफुला गुज्जर डेरे पर चैकिंग व पूछताछ के बाद बजरी रोड, रोड, फीका होते हुए पत्थर कुआँ, कालू सिद्ध मजार, झुल्लूमोड़, पतरामपुर, बादीगढ़ होते हुए अमानगढ टाइगर रिजर्व के क्षेत्रान्तर्गत रेंज कार्यालय केहरीपुर पहुंचा। जहां स्थानीय ग्रामीणों के साथ जनसम्पर्क किया गया। इसके पश्चात धारा, कल्लूवाला, मीरापुर एवं भिक्कावाला होते हुए स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से जनसंपर्क करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया। फ्लैग मार्च का गश्ती दल कालागढ़ वन विश्राम भवन पहुँचने पर फ्लैग मार्च की डी-ब्रीफिंग की गई। इस दौरान रेंजर ढेला नवीन चन्द्र पाण्डे, नन्द किशोर रूवाली, अभय जोशी, श्याम लाल, फूल सिंह, मदन मेहरा, विपिन कुमार, सोहन सिंह पटवाल, रक्षित पाण्डे, सिद्धार्थ रावत, मनवर सिंह, दयाल सिंह बिष्ट, राकेश दिवाकर आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *