सीएम ने दिए बंद सड़कें शीघ्र खोलने तथा आवश्यक सेवाओं की बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश - News Debate

सीएम ने दिए बंद सड़कें शीघ्र खोलने तथा आवश्यक सेवाओं की बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश

देहरादून। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा प्रदेश के अधिकांश जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने तथा सोमवार रात्रि से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार तड़के सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेश में हो रही वर्षा, विभिन्न जनपदों की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करें। किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में एक क्षण की भी देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने जिलाधिकारियों तथा विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाने तथा स्वयं स्थिति से रूबरू होने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को भी पूर्णतः अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दुर्गम एवं आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल संचालित किए जा सकें तथा जरूरतमंद लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी भी स्थान पर भारी वर्षा अथवा भूस्खलन के कारण विद्युत, पेयजल अथवा संचार सेवाएं बाधित होती हैं तो संबंधित विभाग सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर उनकी तत्काल बहाली सुनिश्चित करें। चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अत्यधिक वर्षा अथवा भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम एवं मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाए।

सचिव आपदा प्रबंधन ने मंगलवार को सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जनपदों में राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान एससीईओ प्रशासन श्री प्रकाश चंद्र, एससीईओ क्रियान्वयन डीआईजी श्री राजकुमार नेगी, जेसीईओ श्री दिनेश कुमार पुनेठा, एसईओसी प्रभारी सुश्री प्रतिभा पुरोहित आदि उपस्थित रहे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जारी जनपद स्तरीय मौसम चेतावनी के अनुसार 29 और 30 जुलाई को उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की है। 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत एवं ऊधम सिंह नगर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर भी पड़ सकते हैं। इसी प्रकार 30 जुलाई को बागेश्वर, चम्पावत एवं पिथौरागढ़ जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

29 और 30 जुलाई को उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जारी जनपद स्तरीय मौसम चेतावनी के अनुसार 29 और 30 जुलाई को उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की है। 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत एवं ऊधम सिंह नगर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर भी पड़ सकते हैं। इसी प्रकार 30 जुलाई को बागेश्वर, चम्पावत एवं पिथौरागढ़ जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी एवं नैनीताल में भारी वर्षा की संभावना है। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जनपदों के जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेशवासियों एवं चारधाम यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों एवं जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। अनावश्यक यात्रा से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *