हादसे की जांच कर रही है राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड
देहरादून/ उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी मे निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में आज गुरुवार तड़के हुए एक दर्दनाक हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे टनल के भीतर शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि हादसा टनल के बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ। उस समय टनल के भीतर नियमित निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक लाइनिंग का एक बड़ा ब्लॉक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां कार्य कर रहे श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल श्रमिक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद टनल निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) हादसे की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 2023 में भी सिलक्यारा टनल में हादसा हुआ और सिलक्यारा टनल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय रही है। उत्तरकाशी में बन रही इस टनल में 12 नवंबर 2023 को एक बड़ा भूस्खलन हुआ था। चारधाम ऑल-वेदर रोड प्रोजेक्ट के तहत बनाई जा रही इस सुरंग का एक हिस्सा तब ढह गया था. इस कारण 41 मजदूर अंदर फंस गए थे. अंदर फंसे श्रमिकों को भारत के एक सबसे जटिल और ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए 17 दिनों बाद सुरक्षित बाहर निकाला जा सका था.