देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में परेड ग्राउंड एवं सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में परेड ग्राउंड के नीचे बनने वाली अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग के निर्माण के साथ-साथ परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को बिना किसी नए स्थायी निर्माण के आपस में जोड़ते हुए एक विस्तृत ओपन ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए डबल बेसमेंट का विकल्प भी अपनाया जा सकता है। उन्होंने पार्किंग परिसर में अधिक से अधिक प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। मुख्य सचिव ने परियोजना को एक समग्र योजना के रूप में विकसित करने तथा सभी संबंधित हितधारकों से परामर्श सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पार्किंग क्षमता का विकास किया जाना चाहिए। उन्होंने राजपुर रोड पर प्रस्तावित एलिवेटेड पार्किंग के लिए भी डिजाइन तैयार कर शीघ्र प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने परेड ग्राउंड अंडरग्राउंड पार्किंग का डिजाइन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।