देहरादून। लाडपुर रिंग रोड शराब ठेके के पास गोली कांड के मामले का पुलिस ने खुलासा कर गोलीकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश चल रही है। इस घटना के पीछे बिजनौर में पूर्व में हुई शादी के दौरान एक विवाद के बाद हुई रंजिश बताया गया है। इसके चलते यह रंजिश रायपुर रिंग रोड शराब के ठेके के पास गोली कांड में तब्दील हुई।
शिकायतकर्ता दिवाकर खंडूरी निवासी बंजारावाला राजेन्द्र विहार ने थाना रायपुर को दी बीते 3 जुलाई को दी तहरीर में बताया कि वे इस दिन रात करीब अपने दोस्त नवीन राणा तथा रोहन कुमार के साथ रिंग रोड शराब के ठेके के बाहर खडे थे। इस दौरान तीन से चार अज्ञात लोग दौड़ते हुए आए। जिनके द्वारा अपने पास रखी पिस्टल से दो फायर किए गए। जिनमें से एक गोली उनके साथी नवीन राणा के कंधे पर तथा एक गोली पास से गुजर रहे एक अन्य व्यक्ति कमेन्द्र शर्मा के पैर पर लगी। जिन्हें उनके द्वारा तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता के चलते आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल व उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों की जांच की।जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों की फुटेज प्राप्त की गई। साथ ही पीडित व्यक्तियों व घटनास्थल पर मौजूद व्यक्तियों से पूूछताछ कर घटना में शामिल आरोपियों के सम्बंध में जानकारीयां एकत्रित की गई। घटना में घायल व्यक्ति कमेन्द्र शर्मा से पूछताछ के आधार पर घटना में बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान व उसके साथियों की संलिप्ता प्रकाश में आयी। जिनकी घायल व्यक्ति कमेन्द्र शर्मा से पूर्व से रजिंश चल रही थी। जिस पर तत्काल अलग-अलग टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गैर प्रान्त व अन्य संभावित स्थानों पर रवाना किया गया। रविवार को पुलिस टीम ने घटना में शामिल आरोपी अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को थानो रोड,सोढा सरोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
ये है मामला
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस टीम को बताया कि घटना में शामिल मुख्य अभियुक्त अक्षय प्रधान जो कि कीरतपुर बिजनौर में रहता है। इसका पूर्व में बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान घायल कमेन्द्र शर्मा व उसके साथियों से विवाद हो गया था तथा तब से ही उनके मध्य आपस में रजिंश चली आ रही थी। आरोपियों द्वारा लगातार घायल कमेन्द्र शर्मा के दोस्त निवासी गुड़गांव अक्षय को लगातार फोन कर गाली-गलौच व धमकी दी जा रही थी। इस सम्बंध में अक्षय द्वारा कमेन्द्र शर्मा को फोन कर जानकारी दी गई। जिस पर देहरादून दीपनगर निवासी कमेन्द्र शर्मा अपने अन्य साथियों के साथ अक्षय प्रधान व उसके साथियों कोे सबक सिखाने के लिये छह नम्बर पुलिया के पास गया। जहां पर कमेन्द्र शर्मा व साथियों का अक्षय प्रधान और उसके साथी सन्नी व अरूण के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग की घटना में एक गोली कमेन्द्र के पैर पर तथा एक अन्य गोली पास खड़े एक अन्य व्यक्ति नवीन राणा के कंधे पर लग गई। घटना में शामिल मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान व उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के पुलिस टीमों द्वारा लगातार उनके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
अरुण कुमार उर्फ छोटू पुत्र दयाराम, निवासी आदर्श कॉलोनी, रिंग रोड, रायपुर, देहरादून मूल निवासी वहुपुरा महलकी, थाना कोतवाली, जनपद बिजनौर उम्र से 27 वर्ष
सन्नी कुमार पुत्र गोविन्द सिंह, निवासी किद्दूवाला थाना रायपुर देहरादून मूल निवासी ग्राम रतूपुरा थाना रायपुर, जनपद बिजनौर उम्र- 24 वर्ष
आदर्श सिंह पुत्र जयपाल सिंह निवासी हाल शिमला बायपास रोड ग्राम मोजमपुर, पोस्ट बरमपुर, थाना कीरतपुर, जनपद बिजनौर उम्र 19 वर्ष है।