काम मिलने का इंतजार करते रह गए मजदूर, बेकाबू बस ने 6 को रौंदा,1 की मौत

देहरादून। राजधानी के पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत लालपुल के पास बेकाबू सिटी बस ने 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र मे अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है. बताया जाता है कि बस चालक को दौरा पड़ा था।

बताया जाता है कि मजदूर सिटी बस के पास फुटपाथ पर बैठे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसने बस से नियंत्रण खो दिया। आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदते हुए होटल के गेट तक जा पहुंची। हादसे में संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को बस के नीचे से निकालकर इन्द्रेश अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक सभी मजदूर रोजाना की तरह काम मिलने का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस अचानक फुटपाथ पर चढ़ गई और देखते ही देखते सभी उसकी चपेट में आ गए। गनीमत रही कि बस होटल के गेट पर जाकर रुक गई, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा। जिसके चलते वह बस से नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *