उफनती गंगा मे छलांग लगाकर साहसी एसडीआरएफ जवान ने बह रहे बुजुर्ग की बचायी जान

गंगा मे डूबे बागपत के रजत और गाजियाबाद के आशीष का शव बरामद

गंगोत्री, उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम में देवदूत बनकर एसडीआरएफ का चेहरा एक बार फिर सामने आया जब ला छत्तीसगढ़ निवासी 77 वर्षीय श्रद्धालु चंद्रहास सिंह का पैर फिसल जाने से वे गंगा नदी की तीव्र धारा में बहने लगे।

घटना के समय घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु SDRF की टीम तैनात थी तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व में सुरक्षा रोप भी लगाए गए थे। बहाव में आने के दौरान श्रद्धालु ने SDRF द्वारा लगाए गए सुरक्षा रोप को पकड़ लिया, जिससे वे स्वयं को धारा में स्थिर रखने में सफल रहे।

स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात SDRF जवान नवीन पोखरिया ने अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए तत्काल गंगा नदी में प्रवेश किया तथा सुरक्षा उपकरणों एवं स्थापित सुरक्षा व्यवस्था की सहायता से श्रद्धालु तक पहुंच बनाकर उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया।
घटना के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं, स्थानीय पंडा समाज एवं आमजन द्वारा SDRF जवान के साहसिक कार्य तथा SDRF के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इस उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्य पर सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने जवान नवीन पोखरिया की सराहना करते हुए कहा कि
SDRF के जवान सदैव सेवा, सुरक्षा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि नवीन पोखरिया द्वारा प्रदर्शित सतर्कता, साहस एवं त्वरित कार्रवाई SDRF की पेशेवर दक्षता एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। 

देवप्रयाग संगम में डूबे युवक का शव बरामद

देवप्रयाग संगम स्थित गंगा नदी में डूबे युवक रजत तोमर, निवासी जनपद बागपत (उत्तर प्रदेश) की तलाश हेतु एसडीआरएफ टीम द्वारा स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लगातार सर्च अभियान संचालित किया जा रहा था।

आज युवक का शव ब्यास घाट क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। मौके पर उपस्थित परिजनों द्वारा शव की पहचान रजत तोमर के रूप में की गई। तत्पश्चात आवश्यक पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर शव को अग्रिम कार्रवाई हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

 गाजियाबाद निवासी युवक का शव बरामद

06 जून को सायं कौड़ियाला क्षेत्र में रिवेरा रेस्ट्रो के समीप एक व्यक्ति के गंगा नदी में डूबने की सूचना प्राप्त होते ही SDRF टीमों द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर सर्च अभियान चलाया गया।

मौके पर पहुंचकर डूबे हुए व्यक्ति की पहचान आशीष जैन (उम्र 40 वर्ष), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

बीते कई दिनों से SDRF द्वारा गंगा नदी के संभावित क्षेत्रों में उपलब्ध सभी सर्चिंग संसाधनों एवं तकनीकों का उपयोग करते हुए लगातार अभियान संचालित किया जाता रहा। विषम परिस्थितियों और नदी के तेज बहाव के बावजूद टीमों द्वारा निरंतर प्रयास जारी रखे गए। आज संयुक्त अभियान के दौरान शिवपुरी क्षेत्र से युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव की पहचान परिजनों द्वारा की गई, जिसके उपरांत आवश्यक पंचनामा एवं अन्य औपचारिक कार्यवाही पूर्ण कर शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *