खराब वाहन को खींच रहा ट्रक पलटा, एक की मौत

चमोली। खराब वाहन को खींच रहे ट्रक के बीच सड़क पर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी।

घटना जोशीमठ के मूसापानी क्षेत्र की है। आज घास्तोली से एक खराब थार वाहन संख्या UK07HH 7712 को ट्रक वाहन संख्या UP81CT 7683 के माध्यम से बद्रीनाथ लाया जा रहा था। इसी दौरान मूसापानी नामक स्थान पर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में दो व्यक्ति सवार थे।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही SDRF, पुलिस की टीम श्री बद्रीनाथ धाम से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पूर्व से उपस्थित भारतीय सेना एवं ITBP के जवानों के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में फंसे व्यक्ति को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दुर्घटना में मिंटू पुत्र जयवीर, उम्र 21 वर्ष, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। SDRF टीम द्वारा उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान करते हुए एंबुलेंस के माध्यम से श्री बद्रीनाथ अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं, दूसरे व्यक्ति जितेन्द्र, उम्र 47 वर्ष, निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश) सुरक्षित हैं तथा उनकी स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *