पूर्व सीएम खंडूड़ी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, उमड़ा जनसैलाब

सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी अंतिम सलामी

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर, सहित मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधि हुए शामिल

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि) को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि) की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूरी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। उन्होंने कहा कि वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।

केंद्रीय विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उनके कार्यों को उत्तराखंड ही नहीं, पूरा देश हमेशा याद रखेगा। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा।

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र/पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय बहुगुणा , डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, श्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, महामंत्री संगठन श्री अजेय कुमार, सांसद श्री अनिल बलूनी, श्री अजय भट्ट , कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री सतपाल महाराज, डॉ .धन सिंह रावत, श्री गणेश जोशी, श्री सौरभ बहुगुणा, श्री मदन कौशिक, श्री प्रदीप बत्रा, श्री खजान दास, विधायकगण, संतगण मौजूद थे।

भाजपा परिवार ने जनरल को पार्टी मुख्यालय में दी अंतिम विदाई 

अंतिम दर्शन करने उमड़ा जनसैलाब, दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून। भाजपा परिवार ने अपने जनरल को पार्टी प्रदेश मुख्यालय से भावभीनी माहौल में अंतिम विदाई दी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, एवं प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री , प्रदेश पदाधिकारी समेत बड़ी संख्य में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूड़ी के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पार्टी मुख्यालय में उन्हें सुबह से ही श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यकर्ताओं एवं प्रशासकों की भीड़ जुटने लगी थी। इस दौरान खंडूरी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र, फूलमाला एवं पुष्पों से श्रद्धाभाव अर्पित किया गया। साथ ही वहां मौजूद, खंडूरी की पुत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी, पुत्र मनीष खंडूरी अन्य शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सभी ने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं की आंखें भी नम दिखाई दीं। प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व सैनिक, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम नमन करने पहुंचे। इस दौरान पूरे कार्यालय परिसर में अपने वरिष्ठतम नेता के गम में शोक और संवेदना का वातावरण बना रहा। कार्यालय पहुंचने से पूर्व उनके पार्थिव शरीर को रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। वहीं मुख्यालय में भी सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हाथों में पुष्प लिए नम आंखों से अपने नेता को विदा किया। इस दौरान समूचा कार्यालय परिसर, ‘खंडूड़ी अमर रहें’ के नारों के साथ गूंजता रहा।
अंतिम दर्शन के बाद उनके पार्थिव शरीर को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

दिवंगत खंडूड़ी जी को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी उत्तराखंड की राजनीति में ईमानदारी, अनुशासन और सादगी के प्रतीक थे। सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और सुशासन के लिए खंडूड़ी के प्रयास हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने राज्य के विकास, सड़क संपर्क, प्रशासनिक सुधार और जनहित के मुद्दों पर जो कार्य किए, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी का जीवन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण का उदाहरण था, जिसे हम सभी अपने अपने जीवन में अमल में लाने का प्रयास करेंगे।

अंतिम श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे मंत्रियों, पदाधिकारियों, स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने प्रिय दिवंगत नेता को याद किया। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जमीन से जुड़े और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। लोगों ने कहा कि उन्होंने हमेशा आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए प्रयास किए।

भाजपा मुख्यालय में जनरल को अंतिम विदाई देने सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, खजान दास, भरत चौधरी, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत, देहरादून महानगर महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक अरविंद पांडेय, श्री मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी श्रीमती मधु भट्ट, श्रीमती विनोद उनियाल, प्रदेश कार्यालय सचिव श्री जगनमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता, विधायक, मंत्री और कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देने के लिए उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और पूर्व सैनिक संगठनों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने आवास मे दी श्रद्धांजलि

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वसंत विहार में खंडूड़ी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

उपराष्ट्रपति सी.पी राधाकृष्णन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *