खंडूरी के निधन की खबर सुनकर घर मे लगा तांता, धामी ने दी श्रद्धांजलि

बसंत विहार स्थित निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने खण्डूरी परिवार को दी सांत्वना

उत्तराखंड ने खोया एक अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और जनप्रिय नेता : धामी

देहरादून। पूर्व सीएम खंडूरी के निधन की खबर सुनकर उनके आवास पर समर्थक, पक्ष और विपक्ष के लोगों का तांता लग गया। शोक मे डूबे लोग बाहरी जिलों से भी पहुँच गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री श्री धामी सीधे स्वर्गीय खण्डूरी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूरी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के पश्चात उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में स्वर्गीय श्री खण्डूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय खण्डूरी की पुत्री विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी सहित अन्य परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है। धामी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इससे पहले कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी, मदन कौशिक, सहित विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हीरा सिंह, कांग्रेस नेता लाल चंद्र शर्मा भी आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी आवास पहुंचकर दिवंगत खंडूरी को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को ढांढस बंधाय। रावत ने पुराने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वह अजात शत्रु साबित हुए और उन्होंने सैन्य जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन मे भी शानदार प्रदर्शन किया। देश और राज्य हित मे उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *