देहरादून। राजधानी के कैंट क्षेत्र स्थित किशननगर एक्सटेंशन में स्कूल परिसर में स्थित किराये के कमरे में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नौकरी का झांसा देकर दूसरे राज्यों से युवतियों को लाते थे और उन्हें फिर देह व्यापार मे धकेलते थे।
पुलिस की यह कारवाई स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद सामने आयी। दूसरे राज्यों से लाई गई तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सिरमौर मार्ग स्थित प्ले ग्रुप स्कूल परिसर में एक कमरे में पिछले कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान में दिनभर बाहरी लोगों की आवाजाही रहती थी, जिससे उन्हें लंबे समय से शक था। चूंकि मकान की बिल्डिंग पर स्कूल है, इसलिए आसपास रहने वाले लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित थे। स्थानीय निवासियों ने कई बार मकान के बाहर संदिग्ध लोगों को आते-जाते देखा। धीरे-धीरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई कि मकान में गलत गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जब लोगों का शक गहरा गया तो स्थानीय पार्षद नंदनी शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। पार्षद के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने मकान के बाहर विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कैंट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो वहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि मकान में बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में देह व्यापार का संचालन करने के आरोप में आशीष पांडे और जंग बहादुर, निवासी राजस्थान, को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि करीब छह महीने पहले स्थानीय निवासी कुलदीप ने यह मकान किराये पर लिया था। पुलिस अब कुलदीप की भूमिका की भी जांच कर रही है और उसे भी आरोपी बनाए जाने की तैयारी है।
स्कूल के बिल्कुल नजदीक इस तरह की गतिविधियां सामने आने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इलाके का माहौल और खराब हो सकता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
वहीं कैंट कोतवाली के इंस्पेक्टर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिलाएं दूसरे राज्यों से लाई गई थीं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।