पौड़ी। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों मे हिंसक बाघ और गुलदार के हमले रुकने का नाम नही ले रहे हैं। बुधवार को कुमायूँ के जोलीकोट मे भी गुलदार द्वारा महिला को मारने का मामला सामने आया है।
ताजा मामला जिले के पौड़ी ब्लॉक अंतर्गत बमठी गांव में आज गुरुवार सुबह सामने आया जब सीता देवी (उम्र करीब 65 वर्ष) घर के पास ही जंगल किनारे घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। आसपास मौजूद लोगों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। उन्होंने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। पहले भी कई बार वन विभाग को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की लापरवाही के चलते एक निर्दोष महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक वे महिला के शव को मौके से उठाने नहीं देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है और लगातार हो रही घटनाओं से उनका जीवन मुश्किल में पड़ गया है।
वन विभाग ने घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उसे काबू में किया जा सके।