चौकी प्रभारी सहित 12 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
ऋषिकेश/ देहरादून। हरिद्वार मे खनन के मामले मे चौकी पर गिरी गाज के बाद अब आईडीपीएल चौकी निशाने पर आई है। शुक्रवार रात्रि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को ऋषिकेश क्षेत्रान्तर्गत एक होटल में बडे स्तर पर जुआ खेलने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई। जिस पर एसएसपी दून द्वारा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिये गये। निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली ऋषिकेश पर गठित पुलिस टीम द्वारा हरिद्वार रोड मुर्गी फार्म के पास स्थित होटल नवरंग में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके से जुआ सामग्री, नगद धनराशि, विभिन्न ब्रान्डों की शराब की बोतलों के साथ 40 लोगो के जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। इस दौरान चौकी स्तर पर चैकिंग/सत्यापन अभियान के दौरान शिथिलता बरतने एवं लापरवाही दिखने पर एसएसपी द्वारा चौकी आईडीपीएल पर नियुक्त पूरे स्टाफ को निलम्बित कर दिया गया। एसएसपी द्वारा चौकी प्रभारी आईडीपीएल सहित 12 पुलिस कर्मियों को निलम्बित किया गया।
छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद की गईं, जिससे अंदाज लगाया जा सकता है कि जुआ पार्टी बड़े पैमाने पर और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही थी। मौके पर मौजूद सभी आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर कोतवाली ऋषिकेश में उनके खिलाफ धारा 123/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 और आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके तार किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं। छापे के बाद होटल मालिक फरार बताया जा रहा है।
