सरकार के चार साल पूरे होने पर बोले राजनाथ,’धाकड़’ के साथ ही ‘धुरंधर’ धामी – News Debate

सरकार के चार साल पूरे होने पर बोले राजनाथ,’धाकड़’ के साथ ही ‘धुरंधर’ धामी

सरकार के चार साल पूरे होने पर हल्द्वानी में विशाल जनसभा

हल्द्वानी। हल्द्वानी मे आयोजित धामी सरकार के 4 साल कार्यक्रम मे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने धामी सरकार के कार्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा धामी के नेतृत्व में छोटे से राज्य में जिस रफ्तार से काम हुआ, वह अभूतपूर्व है। कई क्षेत्रों में उत्तराखंड ने देश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है।

चार साल में धुंआधार काम हुआ है। इसलिए अब धामी को धाकड़ नहीं, धुरंधर कहा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, सैन्य धाम, समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम हुआ है। इन फैसलों ने सरकार की अलग पहचान बनाई है।

राजनाथ सिंह ने कहा उत्तराखण्ड की यह भूमि वेदों और देवों की भूमि है। यह तपोभूमि है. यहां की ज्ञान, साधना और संस्कारों की परंपरा पूरे राष्ट्र को दिशा देती है।

उन्होंने कहा उत्तराखण्ड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूसरे कार्यकाल के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं. पिछले पाँच वर्षों से धामी मुख्यमंत्री हैं,जबकि 9 वर्षों से भाजपा की सरकार है। यह कार्यकाल असाधारण है। धामी ने पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों की जो चिंता की है. उसके लिए उनका आभार है। उत्तराखण्ड सरकार ने परमवीर चक्र से सम्मानित जवानों की अनुग्रह राशि को ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1.5 करोड़ करने का कार्य किया है।

राजनाथ सिंह ने कहा चार वर्ष पूरे होने पर सीएम धामी ने चौका मारा है। छह वर्ष पूरे होने पर धामी छक्का मारने में भी कामयाब होंगे। पहले उत्तराखण्ड में घोटाले होते थे, लेकिन अब यदि कोई घोटाला करता है तो उसका स्थान जेल होता है। 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल पहुंचाकर उत्तराखण्ड सरकार ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। भाजपा सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश बनाने के लिए राजनीति करती हैं। उत्तराखण्ड देवभूमि होने के साथ ही संस्कृति का भी केंद्र है,जिसकी पवित्रता बनाए रखना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *