घर लौट रहे ग्रामीण को घात लगाए गुलदार ने उतारा मौत के घाट – News Debate

घर लौट रहे ग्रामीण को घात लगाए गुलदार ने उतारा मौत के घाट

पौड़ी। पौड़ी जिले मे गुलदार के हमले रुकने का नाम नही ले रहे हैं।  कोट ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले बलमणा गांव में सोमवार देर शाम गुलदार ने एक व्यक्ति को मौत का घाट उतार दिया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन की टीम को बंधक बनाकर विरोध जताया।

घटना बीते सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। पौड़ी मुख्यालय से सटे जामलखाल निवासी प्रकाश लाल उम्र 47 वर्ष इंटरलॉकिंग का कार्य करके शाम को घर लौट रहा था। इसी बीच घात लगाए गुलदार ने उसे मार डाला। रात मे घटना का पता नही चला, लेकिन परिजनों ने जब सुबह खोजबीन शुरू की तो मृतक का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने तहसीलदार, पटवारी समेत वन विभाग के कर्मचारियों को पंचायत घर में बंधक बना दिया। ग्रामीणों ने गुलदार को मारने की मांग उठाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने या क्षेत्र से हटाने के लिए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और गुलदार के आतंक से लोगों को जल्द राहत दिलाई जाए। पहाड़ों में जंगली जानवर लोगों की जीवनलीला समाप्त कर रहे हैं। लेकिन विभागीय कार्रवाई सही तरह से ना होने के कारण पहाड़ों पर लोगों कों दहशत में जीना पड रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले 14 जनवरी को भी इसी क्षेत्र के बाड़ा गांव में गुलदार ने एक नेपाली मजदूर को अपना शिकार बना लिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *