नैनीताल। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से दुखद खबर सामने आयी है जिसमे बारात से लौट रही कार खाई मे गिर गयी और मासूम सहित 3 लोगों की मौत हो गयी।
घटना अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली के पास हुई। बताया जा रहा है कि गुरुवार को कार संख्या DL 9C BH 8402 अल्मोड़ा की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार बसौली के पास पहुंची, तभी ड्राइवर ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया और कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 150 मीटर गहरी खाई से पुलिस को रेस्क्यू करने में थोड़ी मुश्किल आई। पुलिस खाई में गिरे सभी लोगों को सड़क पर लेकर आई, लेकिन तब तक डेढ़ साल के मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।
कार में 8 लोग सवार थे। कार सवार सभी लोग दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होने झिझाड़ गांव आए थे। वाहन में सवार सभी लोग वधू पक्ष के रिश्तेदार थे और वापस दिल्ली लौट रहे थे।पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों मे मंजू देवी पत्नी गोपाल राम (उम्र 44 वर्ष), निवासी- गांव कांडे, ताकुला, अल्मोड़ा,दिनेश राम पुत्र तिल राम (उम्र 50 वर्ष), निवासी- गांव झिझाड़, ताकुला, अल्मोड़ा तथा रेहान पुत्र महेश आर्या (उम्र 11 माह), निवासी- गांव थपनिया, ताकुला, अल्मोड़ा है।
हादसे मे घायल 5 लोगों का अस्पताल मे इलाज चल रहा है। घटना के बाद गाँव मे शोक की लहर है।