देहरादून। कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड के स्थानांतरण एवं वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की माँग को लेकर आज उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में देहरादून नगर निगम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन एवं घेराव किया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा कारगी डंपिंग यार्ड से एकत्र किया गया प्रतीकात्मक कूड़ा नगर निगम कार्यालय परिसर में रखकर यह संदेश दिया गया कि जिस गंदगी और दुर्गंध के बीच स्थानीय नागरिक जीने को मजबूर हैं, उसकी जिम्मेदारी से नगर निगम बच नहीं सकता।
नगर आयुक्त नमामि बंसल को दिये ज्ञापन मे प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला ने कहा कि क्यों कई दिनों तक कूड़ा जमा कर पहाड़ की तरह चढ़ाया जाता है और जनता को बीमारियों के हवाले छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र के बीच स्थित है, जहाँ महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमारियों, दुर्गंध और प्रदूषण का दंश झेल रहे हैं। यह न केवल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 का उल्लंघन है, बल्कि नागरिकों के स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन के संवैधानिक अधिकार पर भी सीधा हमला है।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ही डंपिंग यार्ड के स्थानांतरण एवं वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो उत्तराखंड महिला कांग्रेस जनहित में आंदोलन को और व्यापक करेगी।
इस मौके पर उर्मिला थापा,निधि नेगी, नजमा खान, इंदु थापा,अरविंद शर्मा, अभिनव थापर, बबलू पंवार, नरेश सकलानी, हेमंत उप्रेती, गौरव रावत, नंदू, प्रशांत नेगी, आदि समेत कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।