देहरादून। सिर पर ब्रहमकमल टोपी, भाषण में गढ़वाली-कुमाऊंनी के बोली और भावनाओं में उत्तराखंड की बेहतरी के लिए देहरादून के गढ़ी कैंट मे आयोजित जन सभा मे पीएम मोदी ने जन समुदाय के साथ जुड़ाव की पूरी कोशिश की।
दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के मौके पर एक्सप्रेस वे के निर्माण में मां डाटकाली के आशीर्वाद का प्रधानमंत्री ने खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने यह भी कहा कि देहरादून पर मां डाटकाली की कृपा है। उत्तराखंड से लगे उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में स्थित संतला माता मंदिर का भी उन्होंने स्मरण किया। इसलिए इतने बड़े दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का कार्य बिना किसी रुकावट और अड़चन के पूरा हुआ।
मोदी ने कहा कि लोग अपनी दशा और दिशा क्या होगी? इसके लिए हाथ की रेखाएं दिखाते हैं। मैं इस विज्ञान को नहीं जानता हूं, लेकिन ये भी एक शास्त्र है। लेकिन अगर राष्ट्र जीवन से जोड़कर देखूं तो ये सड़कें, एक्सप्रेसवे भी राष्ट्र की भाग्य रेखाएं है। भारत, विकास की भाग्य की रेखाएं बना रहा है और ये विकास की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि, 2014 से पहले ऐसे इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 2 लाख करोड़ भी खर्च नहीं होते थे. जबकि आज 12 लाख करोड़ रुपए से भी ज्यादा खर्च हो रहे हैं। उत्तराखंड में सवा 2 लाख करोड़ रुपए के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम जारी है, जिससे आज सड़कें गांव-गांव तक पहुंच रही है। विरान हो चुके गांव फिर से आबाद हो रहे हैं। 21वीं सदी का भारत, जिस स्केल पर काम कर रहा है. उसकी पूरी दुनिया चर्चा कर रही है।
उन्होंने कहा कि, इकोनॉमिक कॉरिडोर, व्यापार और कारोबार का नेटवर्क बनाते हैं। दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से भी पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होगा। आना जाना सस्ता और तेज होगा। किराया भाड़ा कम होगा और रोजगार का फायदा होगा। इसके अलावा उत्तराखंड के टूरिज्म को फायदा मिलेगा. आने वाले समय में देहरादून, हरिद्वार और चारधाम के लिए ये प्रमुख मार्ग बनेगा।
पीएम मोदी ने उत्तराखंड आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं से उत्तराखंड के पहाड़, धरोहर को साफ सुथरा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि, यहां कूड़ा कचरा का ढेर देवभूमि की पवित्रता को कष्ट पहुंचाता है। उन्होंने आगे कहा कि, अगले साल हरिद्वार में अर्धकुंभ का आयोजन होना है। अर्धकुंभ को दिव्य, भव्य और स्वच्छ बनाना होगा। उन्होंने कहा कि, उत्तराखंड में नंदा देवी राजजात यात्रा होती है, ये यात्रा सामाजिक चेतना का उदाहरण है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर पीएम मोदी ने कहा कि, चार दशकों के इंतजार के बाद संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इससे लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय हो गया है। सभी दलों ने आगे आकर इस महत्वपूर्ण कानून को समर्थन दिया। महिलाओं को जो यह हक मिला है, इस हक को लागू होने में देरी नहीं होनी चाहिए। 2029 में लोकसभा के चुनाव होंगे और उसके बाद विधानसभा के भी चुनाव आते रहेंगे. 2029 से पहले यह लागू हो जाना चाहिए। यह देश की भावना है। यह नारी शक्ति की इच्छा है।
इस एक्सप्रेसवे से डबल इंजन सरकार की नीतियां और उत्तराखंड के युवाओं के प्रयास से विकास का नया अध्याय जोड़ा गया है। इस एक्सप्रेसवे का काफी हिस्सा यूपी से गुजरता है। टूरिज्म के लिहाज से ये प्रोजेक्ट काफी अहम है।

