ऋषिकेश। शिवाजी नगर क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में जांच को गति देते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा नामित जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे (IPS) शुक्रवार को ऋषिकेश पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। भदाणे ने कोतवाली ऋषिकेश पहुंचकर प्रकरण से संबंधित अब तक की जांच, पुलिस रिस्पॉन्स और अभिलेखों का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी विशाखा भदाणे ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों के बयान दर्ज किए और उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की विवेचना पूरी गंभीरता से की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान स्थानीय पुलिस की किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस प्रकरण में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एम्स चौकी प्रभारी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। पुलिस मुख्यालय ने हाल के दिनों में महिलाओं से जुड़े अपराधों को गंभीरता से लेते हुए इस मामले की निगरानी वरिष्ठ महिला IPS अधिकारी को सौंपी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।