द्वाराहाट से रामनगर जा रही सवारी बस खाई मे गिरी, 6 से अधिक मौतें, कई घायल – News Debate

द्वाराहाट से रामनगर जा रही सवारी बस खाई मे गिरी, 6 से अधिक मौतें, कई घायल

देहरादून। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से दुखद खबर आयी है। भिकियासैंण-विनायक रोड पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमे 6 से अधिक लोगों के मौत की खबर है और कई घायल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार, मृतकों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं बताये जा रहे हैं। वहीं लगभग 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस में कुल 19 यात्री सवार थे। इसमें कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को अस्पपताल पहुँचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जताया घटना पर शोक, रेस्क्यू मे तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है तथा गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं इस पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *