भालू के हमले मे घायल आरब और साहसी छात्राओं से सीएम ने की बात – News Debate

भालू के हमले मे घायल आरब और साहसी छात्राओं से सीएम ने की बात

साहसी छात्राओं दिव्या व दीपिका की बहादुरी को बताया गर्व का विषय

देहरादून। जनपद चमोली के विकास खण्ड पोखरी अंतर्गत विद्यालय परिसरों के समीप घटित भालू हमले की घटनाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री ने भालू के हमले में घायल हुए पीड़ित छात्र से दूरभाष पर सीधी बातचीत कर न केवल उसका हालचाल जाना, बल्कि उसे ढांढस बंधाते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उपचार एवं सुरक्षा के हर स्तर पर किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना के दौरान अदम्य साहस, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भालू से बच्चों की जान बचाने वाली साहसी छात्राओं दिव्या और दीपिका से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने छात्राओं की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में जिस साहस, धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय उन्होंने दिया है, वह पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना अन्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना असाधारण साहस का उदाहरण है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि राज्य सरकार ऐसे साहसी बच्चों को सदैव प्रोत्साहित करेगी।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन एवं वन विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से गश्त बढ़ाई जाए। विद्यालयों, आंगनबाड़ियों एवं आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास सुरक्षा के अतिरिक्त पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो, इसके लिए सभी आवश्यक व प्रभावी कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि घायल छात्र को उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी बनाए रखने और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास कायम करने के निर्देश भी दिए।

सुबह स्कूल मे आ धमका था भालू, दहशत मे आये छात्र-छात्राएं

गौरतलब है कि जूनियर हाई स्कूल पोखरी मे सोमवार सुबह दो भालुओं के आने और हमले की घटना प्रकाश मे आयी।

विद्यालय में अध्ययनरत 12 छात्र-छात्राएं उस समय दहशत मे थे जब उनके सामने ही। बरामदे में बैठे छठवीं के छात्र 11 वर्षीय आरव को भालू 20 मीटर दूर झाड़ियों में ले गया। यह देख आठवीं की छात्रा गनियाला निवासी 13 वर्षीय दिव्या ने शोर मचा दिया। साथ ही आरव को बचाने के लिए भालू पर पत्थर फेंके। इससे भालू भाग गया।

अन्य मौजूद 10 अन्य बच्चे कुछ समझ पाते, दूसरा भालू उन पर झपटने के लिए दौड़ पड़ा। सभी बच्चे जान बचाने के लिए विद्यालय के एक कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर दिया।इस पर भालू कमरे का दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगा। शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो भालू को भगाया और झाड़ी में पड़े घायल आरव को निकाला।

आरव की पीठ में भालू के नाखून से खरोंच आईं हैं, जबकि भालू को भगाने वाली छात्रा दिव्या के हाथों में भी चोट लगी है। वन विभाग की टीम घायल आरव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *