पत्रकार मिश्रा की मौत पर उठ रहे सवाल, फेस बुक पोस्ट से हुआ था विवाद

देहरादून। पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। मिश्रा ने अपनी फेस बुक पोस्ट मे पहली पोस्ट के लिए सभी दोस्तो से माफी तो मांगी है, लेकिन अपने खिलाफ षडयंत की ओर इशारा भी किया है। मिश्रा ने शीघ्र इसके इशारे की बात कही, लेकिन उससे पहले उनकी मौत हो गयी।

मिश्रा की मौत से पहले उनकी फेस बुक पोस्ट को लेकर  तमाम चर्चाएं हैं। बताया जाता है कि दो दिन पहले सोशल मीडिया में डाली गई पोस्ट के बाद पंकज मिश्रा का अपने ही दोस्तों के साथ झगड़ा हुआ। हालांकि, बाद में पंकज मिश्रा ने माफी मांगते हुए पोस्ट डिलीट कर दी थी। इस पोस्ट में उन्होंने कई लोगों पर आरोप लगाए गए थे।

चर्चा है कि सोमवार की रात पंकज का अपने ही पत्रकार साथी के साथ मोबाइल पर कहासुनी हुई। इसके बाद दो लोग पंकज के जाखन स्थित किराये के मकान पर आए। उनके बीच झगड़ा भी हुआ और उनकी पत्नी ने अपने मोबाइल मे वीडियो बना दी। घर पहुंचे दोनों व्यक्ति पंकज और उनकी पत्नी का मोबाइल लेकर चले गए। पंकज ने पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस मौके पर आई। लेकिन पत्रकार पंकज ने सुबह के समय कार्रवाई करने की बात कही। परिजनों के अनुसार, रात में पंकज की तबियत खराब हुई। दून अस्पताल लाते समय पंकज की मौत हो गयी।

गौरतलब है कि जिस पत्रकार को पंकज की पत्नी ने मारपीट में चिन्हित किया है, चार दिन पूर्व उसी के यहाँ वैवाहिक समारोह में पत्रकार पंकज मिश्रा भी उपस्थित थे। पंकज की पत्नीने उस पत्रकार व उसके साथी पर आरोप लगाए हैं।

मामले में अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गयी है। परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही असलियत सामने आ सकती है।

सीएम ने शोक जताया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा के असामयिक निधन पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *