उत्तराखंड में आश्रम के लिए जमीन की दरकार के चलते दिया बयान
देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस से निष्कासित भारतीय जनता पार्टी के नेता तथाकथित संत प्रमोद त्यागी उर्फ प्रमोद कृष्णम द्वारा राजभवन में आयोजित एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कांग्रेस के खिलाफ यह बयान देना कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनको उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ बयान देने के लिए कहा झूठ का एक पुलिंदा है और यह मुख्यमंत्री का कृपापत्र बन कर उत्तराखंड में आश्रम बनाने के लिए भूमि आवंटन के लिए दिया गया निहायत अनर्गल बयान है।
अपने कैंप कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि प्रमोद त्यागी ने यह बयान जो आज दिया जब वे कांग्रेस से बाहर किए जा चुके हैं और वे भाजपा में हैं इसका कोई औचित्य नहीं है क्योंकि भाजपा की संगत में रहने वाले किसी भी नेता से हम सच बात की उम्मीद नहीं करते।
धस्माना ने कहा कि प्रमोद कृष्णम कांग्रेस में रहते हुए भाजपा के एजेंट के रूप में राहुल गांधी व श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा केे बीच मतभेद करने के प्रयास करते रहे और जब वे इस में सफल नहीं हुए तो उनकी असलियत सामने आ गई और वे कांग्रेस के खिलाफ ही जहर उगलने लगे और अंतोगत्वा भाजपा में शामिल हो गए।