प्रेमनगर मे युवक की संदिग्ध मौत, साथी पर किया था ब्लेड से हमला, जांच मे जुटी पुलिस – News Debate

प्रेमनगर मे युवक की संदिग्ध मौत, साथी पर किया था ब्लेड से हमला, जांच मे जुटी पुलिस

देहरादून। प्रेमनगर के मोहनपुर में पुरानी रंजिश के चलते सरेराह एक व्यक्ति की हत्या की सूचना से सनसनी फैल गई। मृतक डीके मूल रूप से पहाड़गंज दिल्ली का बताया जा रहा है और दो माह पूर्व जेल से छुटकर आया था। पुलिस ने मामले मे एक संदिग्ध को हिरासत मे लिया है। बताया जाता है कि उसका मृतक से झगड़ा भी हुआ था और मृतक द्वारा ब्लेड चलाने के दौरान उसकी कमीज और शरीर पर खून तथा कटे के निशान हैं।

दोपहर मे प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि मोहनपुर पॉवर हाउस से आगे स्मिथनगर की ओर सड़क पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था मे पड़ा है। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस टीम के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मुंह के बल सड़क पर पड़े व्यक्ति को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अरुण कुमार उर्फ डीके पुत्र तिलकराज निवासी पहाड़गंज, दिल्ली हाल निवासी स्मिथनगर, प्रेमनगर के रूप में हुई। मृतक मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला था, जो कई वर्षों से देहरादून में रह रहा था। उसकी उम्र 40 से 45 बीच के आसपास है। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटना स्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ ही जरुरी साक्ष्य संकलित किए।

पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया गया कि डीके का किसी बात को लेकर एक अन्य व्यक्ति से झगड़ा हुआ था। आपसी मारपीट में डीके बेहोश होकर सड़क पर गिर गया तथा दूसरे व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस को जांच में पता चला कि डीके के विरुद्ध वर्ष 2022 में थाना प्रेमनगर में जान से मारने का प्रयास का मुकदमा दर्ज दर्ज था।

शव पर नही मिले चोट के निशान

पुलिस के अनुसार अब तक के घटनाक्रम में मृतक के शव में कोई जाहिर चोट के निशान नहीं है,जिससे मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के कारण की स्पष्ट जानकारी हो पाएगी

हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ पर जानकारी मिली कि उसकी व मृतक की पुरानी शक के आधार पर अनबन थी। आज दोनों के बीच झगड़ा हुआ था जिसमें मृतक द्वारा हिरासत में लिए गए व्यक्ति पर ब्लेड से हमला किया जिससे उसके शरीर पर घाव लगने के निशान पाए गए व कपड़ो पर खून मौजूद मिला। झगड़े के दौरान हिरासत में लिए गए व्यक्ति द्वारा अपने को छुटाकर भागने की बात अभी तक की पूछताछ में प्रकाश में आई। लगातार आसपास घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। चश्मदीदों द्वारा भी हिरासत में लिए व्यक्ति द्वारा मृतक की हत्या करने के इरादे से कोई हमला किए जाने की जानकारी नहीं प्राप्त हुई।

प्रेमनगर में हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की घटना के संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है,अभी तक की जांच में हिरासत में लिए गए व्यक्ति द्वारा मृतक की हत्या किए जाने के इरादे से हमला किया जाना या किसी हथियार से हत्या किए जाने के कोई साक्ष्य प्राप्त नही हुए है किन परिस्थितियों में मृतक की मृत्यु हुई इस संबंध में विस्तृत विवेचना की जा रही है। उक्त प्रकरण में नियमानुसार संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।                                                 एसएसपी देहरादून

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *