निर्वस्त्र कर पेशाब पिलाने, थूक और जूते चटाने, बेल्ट और डंडों से पीटने के आरोप
आईजी गढ़वाल ने दिये जांच के आदेश, जेल से छूटकर आये युवक ने बताई आपबीती
टिहरी। टिहरी पुलिस पर बर्बरता और अमानवीय कृत्य कर लंबगाव के एक युवक ने घोर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। युवक 4 महीने जेल मे रहने के बाद छूटकर आया तो वीडियो रिलीज़ के उसने आप बीती सुनायी है।
युवक का वीडियो वायरल होते ही आईजी गढ़वाल राजीव स्वरुप ने इस प्रकरण पर टिहरी एसएसपी से रिपोर्ट तलब की है। एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच सीओ नरेंद्रनगर को सौंपी गई है और उन्हें 15 दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास मामले से जुड़े तथ्य हैं तो वह जांच अधिकारी को बताएं।
स्थानीय निवासी केशव थलवाल ने बर्बरता का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें 9 मई को लंबगांव थानाध्यक्ष और एक उपनिरीक्षक ने एसएसपी के बुलावे का बहाना बनाकर उन्हें कार में बैठाया और सीधे कोटी कॉलोनी चौकी ले गए। इस दौरान थाने में कैद कर अमानवीय यातनाएं दी गईं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें निर्वस्त्र कर पीटा, पेशाब पिलाई, थूक और जूता तक चटवाया। पुलिस ने उन्हें डंडों और बेल्ट से पीटा, दर्द से चीखने पर थूका हुआ पानी पीने और जूता चाटने पर मजबूर किया। पुलिस ने पेशाब भी पिलाई और उन पर हमला करने की कहानी गढ़कर फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया।