देहरादून। डोईवाला विकासखंड में तैनात उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को विजिलेंस की टीम ने एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि अधिकारी ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक स्कूल को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल के भुगतान के एवज में एक लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की सूचना विजिलेंस विभाग को दी, जिसके बाद टीम ने ट्रैप तैयार किया।
योजना के अनुसार अधिकारी नेपाली फार्म इलाके में अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत की रकम लेने पहुंचा। जैसे ही उसने नोट लिए, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद अधिकारी को रायवाला कोतवाली ले जाकर गहन पूछताछ शुरू की गई है। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे मामले को लेकर विभागीय स्तर पर भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।