देहरादून। राज्य मे अभी बारिश से राहत के आसार नही हैं। मौसम विभाग ने राज्य मे 24 घण्टे का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं भारी बारिश, भूस्खलन और विकराल होती नदियों के चलते चार धामयात्रा पर भी रोक लगा दी गयी है। लगातार बारिश से प्रदेश के पर्वतीय जिलों के लिए बेहद मुश्किल भरी होने जा रही है।
राज्य के अधिकतर क्षेत्र में भारी बारिश जारी है। सड़को पर पत्थर गिरने से वाहनों के क्षतिग्रस्त होने, जन हानि, बादल फटने से तबाही की घटनाएं हो रही है। जिला प्रशासन और एसडीआरएफ के अलावा तमाम रेस्क्यू दल बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
इन जिलों मे घोषित है रेड अलर्ट
अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार जिले भारी बारिश होगी और यहां के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि गढ़वाल मंडल में चमोली और रुद्रप्रयाग के लिए भी ऑरेंज अलर्ट है यानी इन जिलों में भी काफी तेज बारिश हो सकती है. कुमाऊं जिले में बागेश्वर, उधम सिंह नगर और नैनीताल जिले में रेड अलर्ट किया गया है।
बद्री- केदार तथा हेमकुंड यात्रा भी रोकी
लगातार जारी बारिश को देखते हुए, सरकार ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पांच सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी है।
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने बताया कि भारी बारिश से प्रदेश में कई जगह भूस्खलन या मलबा आने से मार्ग बाधित हो रहे हैं। जिन्हें सरकार प्राथमिकता पर खोल रही है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा ओर सुविधा को देखते हुए, फिलहाल चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा को 05 सितम्बर 2025 तक स्थगित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए फिलहाल यात्रा मार्गों पर प्रस्थान न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करें। मौसम सामान्य होने एवं मार्ग पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के उपरांत यात्राओं को पुनः प्रारम्भ किया जाएगा।