देहरादून: प्रदेश मे चल रही बारिश और भूस्खलन जान के लिए आफत बन रही है। मंगलवार को देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दीवार के नीचे दबने से शिक्षिका की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब शिक्षिका पार्क में टहलने के लिए गई थी।
बताया जाता है कि अजबपुर कला के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी की रहने वाली 50 वर्षीय शिक्षिका विजय लक्ष्मी मंगलवार 12 अगस्त शाम को अशोक विहार इलाके में स्थित पार्क में टहल रही थी। अचानक से पार्क से लगी जल संस्थान के भवन की बाउंड्री वॉल गिर गई और विजय लक्ष्मी भी उसकी चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल विजय लक्ष्मी को दीवार के नीचे से निकाला और हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने विजय लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया।
विजय लक्ष्मी राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थी।इस घटना के बाद इलाके के लोगों ने काफी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल संस्थान की दीवार जर्जर हो चुकी थी और लोगों ने इसकी मरम्मत की मांग भी की, लेकिन संस्थान ने मांग की अनदेखी की। दूसरी ओर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।