देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद भाजपा को निर्विरोध 4 जिला पंचायत अध्यक्ष तथा 11 ब्लॉक प्रमुख पदों पर सफलता मिली है। पार्टी संगठन ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को इसका श्रेय दिया है।
जिला पंचायत उत्तरकाशी में रमेश चौहान, चंपावत में आनंद सिंह अधिकारी, उद्यम सिंह नगर में अजय मौर्य और पिथौरागढ़ में जितेंद्र प्रसाद ने निर्विरोध जीत दर्ज की है।
ब्लॉक प्रमुख पदों पर चंपावत से अंचला बोरा, काशीपुर से चंद्रप्रभा, सितारगंज से उपकार सिंह, खटीमा से सरिता राणा, भटवाड़ी से ममता पंवार, डुंडा से राजदीप परमार, जाखणीधार से राजेश नौटियाल, चंबा से सुमन सजवाण, विकासनगर से नारायण ठाकुर, पाबौ से लता देवी और ताकुला से मीनाक्षी आर्य निर्विरोध चुनी गईं।
पंचायतों मे ट्रिपल इंजन देकर जनता ने लगायी धामी की विकास नीति पर मुहर: भट्ट
भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने ब्लॉक प्रमुख पदों पर बड़ी संख्या में पार्टी उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे न केवल जनता ने सीएम पुष्कर सिंह धामी की विकास नीति पर मुहर लगाई है, बल्कि विकास को और गति देने का मार्ग भी प्रसस्त किया है। उन्होंने नामांकन के दिन ही बड़ी संख्या में पार्टी प्रत्याशियों की जीत को बहुप्रत्याशित बताते हुए कहा कि एक बात तो पहले से ही स्पष्ट थी कि प्रदेश की ग्रामीण जनता ने क्षेत्रीय विकास के लिए ही अपने मतों का इस्तेमाल करेगी।
गाँवों की खुशहाली का रास्ता होगा प्रसस्त: चौहान
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने क्षेत्र पंचायत प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्ष की नामांकन प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए पार्टी उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत पर प्रसन्नता जताई और कहा कि इससे गाँवों मे खुशहाली और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव मे भी पार्टी समर्थित उम्मीदवार बड़ी जीत हासिल करने वाले हैं।