देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के दो नेताओं आशुतोष नेगी और आशीष नेगी को होटल में जबरन घुसकर धमकी देने और अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थाना राजपुर पुलिस के अनुसार 21 मार्च को वादी प्रकाश जोशी पुत्र प्रेमलाल जोशी, निवासी – ग्राम- कण्डाल गांव, पो0 थत्यूड जिला टिहरी गढवाल हाल पता सालावाला देहरादून द्वारा थाना राजपुर मे रिपोर्ट दर्ज करायी कि 20 मार्च को उनके पिरामिड कैफे लॉज राजपुर रोड देहरादून में लगभग 40 से 50 की संख्या में लोग आये, जो खुद को युकेडी का कार्यकर्ता बता रहे थे। उनके द्वारा रेस्टोरेंट के अन्दर नारे लगाते हुए स्टॉफ के साथ बदतमीजी व बदसलूकी की गयी तथा उन पर जबरदस्ती दबाव बनाकर 01 लाख 07 हजार रू0 सैलरी के नाम पर ले गये तथा प्रतिष्ठान की छवि खराब करने की धमकी देते हुए उनसे अतिरिक्त पैसों की मांग की गयी। इस दौरान उक्त व्यक्तियों द्वारा रेस्टोरेंट पर ताला लगाने तथा उनकी बात न मानने पर उन्हें तथा उनके स्टॉफ को जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले मे आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने आशीष नेगी उर्फ उक्रांत तथा आशुतोष नेगी को कृष्णा विहार किद्दूवाला से गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट मे पेश किया जहाँ से उन्हे जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी की उक्रांद ने तीखी आलोचना की है। पार्टी कार्यालय मे पार्टी प्रवक्ता शांति भट्ट ने कहा कि सरकार की शह पर उन्हें निशाना बनाया गया। वह होटल मे युवाओं को उनका वेतन दिलाने गए थे, लेकिन साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया और उक्रांद सड़कों पर उतरेगा।