कोटद्वार(चंद्रपाल सिंह चन्द)। संविधान दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी कार्यालय में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
मंगलवार को संविधान दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस की ओर से पार्टी कार्यालय में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सर्वजन हिताय के असली संरक्षक देश के संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संविधान नियमों और कानूनों का एक समूह है जो किसी देश के संचालन और नियंत्रण को विनियमित करता है। संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष डा.भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती पर 26 नवंबर 2015 को पहली बार देश में संविधान दिवस मनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब देश में धर्म, संप्रदाय और वर्ग भेद में लिप्त ताकतें सामाजिक समरसता को ध्वस्त कर रही हों तब सर्वग्राही संविधान ही प्रत्येक व्यक्ति के सुरक्षा चक्र के रूप में उसके हितों को संरक्षित करता है।
वहीं, महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर गोखले मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय में संविधान के निर्माताओं को श्रद्धांजलि देकर उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस मौके पर वक्ताओं ने संविधान की प्रासंगिकता और इसके महत्व पर गहन चर्चा करते हुए भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में संविधान की भूमिका को रेखांकित किया।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संविधान को लोकतंत्र का आधार बताते हुए इसके आदर्शों को अपनाने और इनके प्रचार प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया गया। उन्होंने संविधान के मूलभूत अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित समस्त कांग्रेसजनों ने संविधान की रक्षा और इसे सुदृढ़ बनाए रखने का संकल्प लिया।
महानगर कांग्रेस कमेटी ने आम जनता से अपील की कि वे संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करें और इसके आदर्शों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। इस मौके पर अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे।