देहरादून/कोटद्वार। अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र मे आज दुखद हादसा हो गया। रामनगर क्षेत्र में किनाथ से रामनगर जा रही यात्री बस गहरी खाई में गिर गई जिसमे 20 से अधिक लोगों के मौत की खबर है।
बताया जा रहा है कि सहकारी समिति यूज़र्स लिमिटेड रामनगर की यह बस मरचूला से पहले अल्मोड़ा जिले के कूपी बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम यात्रियों के रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई है। बस में 45 यात्री सवाार थे। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। मौके पर अल्मोड़ा और हल्द्वानी पुलिस के साथ-साथ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुःख जताया है। सीएम ने कहा अल्मोड़ा के मार्चुला में हुई दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में कई यात्रियों के हताहत होने का समाचार प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन को तेजी के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें घायलों को निकालकर उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के लिए भी निर्देश दिए हैं।