देहरादून। केदारनाथ उप चुनाव के लिए उक्रांद ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी ने आशुतोष भंडारी को प्रत्याशी बनाया है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए दल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आनंद प्रकाश जुयाल ने कहा कि आशुतोष भंडारी को दल का प्रत्याशी घोषित किया गया है। भंडारी जनपद रुद्रप्रयाग के बीरोंदेवल के निवासी हैं और पेशे से डॉक्टर हैं l उन्होंने बताया कि भंडारी ने साढ़े पांच साल की होम्योपैथिक चिकित्सा की डिग्री हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना में सेवा की, किंतु कोरोना के बाद पिछड़े व स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित अपने क्षेत्र में ही जनसेवा करने का निर्णय लिया। कोरोना काल में रुद्रप्रयाग के होम्योपैथिक अस्पताल में अवैतनिक सेवा की।
उन्होंने कहा कि उक्रांद सरकार की पहाड़ विरोधी नीतियों, केदारनाथ मंदिर में सोने की चोरी, दिल्ली में रुद्रप्रयाग से पत्थर ले जाकर केदारनाथ मंदिर बनाने के जनविरोधी,शास्त्र विरोधी फैसले, हैलीकॉप्टर कंपनियो की सरकार से मिलकर की जाने वाली मनमानी, मंदाकिनी नदी में अवैध खनन, डंपिंग जोन के नाम पर अनियंत्रित व आपदाओं को आमंत्रण देने वाले कृत्यों के विरुद्ध मुखर हैं।
केदारनाथ की जनता ऐसे सुयोग्य व कर्मठ, क्षेत्रीय समस्याओं के प्रति संघर्षरत प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाकर सेवा का मौका देगी।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ,केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवान ,केंद्रीय कोषाध्यक्ष प्रताप कुंवर सिंह, केंद्रीय प्रवक्ता दीपक रावत आदि उपस्थित थे l