19 शिक्षकों को मिला शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार – News Debate

19 शिक्षकों को मिला शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार

देहरादून। शिक्षक दिवस पर राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह मे वर्ष 2023 में ‘‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’’ के लिए चयनित 19 शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुरस्कार दिये गए। राज्यपाल ले.ज.(से.नि.) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुरस्कार दिये।

गुरु का स्थान सर्वोच्च,चयनित उत्कृष्ट शिक्षक अन्य के लिए प्रेरणास्रोत : राज्यपाल

राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों एवं दुर्गम क्षेत्रों में विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षक वास्तव सम्मान के अधिकारी हैं। राज्यपाल ने कहा कि गुरु का स्थान सबसे ऊपर है। राज्य शैक्षिक पुरस्कार से चयनित उत्कृष्ट शिक्षक अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

भारतीय संस्कृति में गुरु का सर्वोच्च स्थान: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह दिन शिक्षकों के प्रति आदर सम्मान प्रकट करने का दिन है। आज के दिन सम्मानित हो रहे शिक्षकों ने समाज में ज्ञान का संचार एवं अपने अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को आकार देने का कार्य किया है। भारतीय संस्कृति में गुरु का सर्वोच्च स्थान होता है। शिक्षक हर स्थिति में अपने विद्यार्थी को मार्गदर्शन देने का कार्य करता है। गुरु ही अपने प्रकाश से अंधकार की अज्ञानता को दूर करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल युग में शिक्षकों की भूमिका और बढ़ गई है। तकनीकी विकास और वैश्वीकरण के दौर में शिक्षक, छात्रों को संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा राज्य के विकास और नौनिहालों के भविष्य को बनाने में राज्य सरकार शिक्षकों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। राज्य में शिक्षकों के लिए अनुकूल वातावरण बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य के शिक्षक हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी शिक्षकों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण मनोयोग से किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शैलेश मटियानी पुरस्कार के तहत मिलने वाली धनराशि को दस हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किए जाने की घोषणा की।

 शिक्षकों के प्रयासों से हुआ शिक्षा के स्तर में सुधार: शिक्षा मंत्री 

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उपस्थित सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी के अथक प्रयासों से राज्य में शिक्षा के स्तर में सुधार हुआ है।

कार्यक्रम में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन ने सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों का स्वागत किया और सम्मान समारोह की विस्तृत जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *