हल्द्वानी (अंकुर सक्सेना) प्रदेश मे मानसूनी बारिश से आम जन जीवन बेहाल है। कुमाऊं मंडल में पिछले 48 घंटे से बारिश जारी है। पहाड़ों पर लैंडस्लाइड के चलते सड़क मार्ग बंद हो चुके हैं. मौसम विभाग ने कुमाऊं मंडल में भारी बरसात का रेड अलर्ट जारी किया है।
जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह एवं बागेश्वर डीएम अनुराधा पाल ने 8 जुलाई सोमवार को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किये जाने के आदेश जारी किये हैं।
मौसम विभाग के अनुसार जनपद नैनीताल में कुछ जगह पर बहुत वर्षा होने के साथ कहीं-कही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने / वर्षा के अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र दौर (रेड एलर्ट) की सम्भावना व्यक्त की गई है। साथ ही वर्तमान समय में जनपद के समस्त (पर्वतीय एवं मैदानी) क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा हो रही है. जिसके फलस्वरूप नदियों / नालों / गधेरों में तेज जल प्रवाह आने की सम्भावना है।