पिंजरे मे कैद हुआ एक और गुलदार, दहशत बरकरार – News Debate

पिंजरे मे कैद हुआ एक और गुलदार, दहशत बरकरार

श्रीनगर। पौड़ी जिले के श्रीनगर के ग्लास हाउस के पास वन विभाग की ओर से लगाए गये पिंजरे में एक और गुलदार कैद हो गया। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे के आस-पास ग्लास हाउस के पास लगे पिंजरे में दो वर्षीय नर गुलदार कैद हुआ है। वन विभाग ने नगर क्षेत्र के श्रीकोट और श्रीनगर में गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में 10 पिंजरे लगाए गए हैं।

श्रीनगर में बीते चार माह में गुलदार 14 लोगों को घायल और तीन बच्चों को अपना निवाला बना चुका है। बीती तीन फरवरी को ब्लॉक खिर्सू के ग्राम पंचायत ग्वाड़ में आंगन में खेल रहे 11 वर्षीय अंकित सिंह को निवाला बनाया था। जबकि उसके अगले दिन श्रीनगर ग्लास हाउस के पास से तीन साल अयान को गुलदार ने उठा दिया था। इसके बाद कीर्तिनगर में घास लेने गईं तीन महिलाओंको बुरी तरह से घायल कर दिया था। गुलदार ने अलग-अलग स्थानों पर 6 लोगों पर हमला कर दिया था। बीती 6 अप्रैल को पिता के साथ टहल रही सात वर्षीय सिया को गुलदार ने हमला कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। सिया का इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। उसके अगले दिन ही गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया गया था। 17 मई को देर शाम गढ़वाल विवि के छात्रावास के पास से डांग को जाने वाली रोड पर झुग्गी में रहने वाले तीन वर्षीय सूरज को गुलदार ने अपना निवाला बनाया। मंगलवार को गुलदार ने हमला कर श्रीकोट की चार वर्षीय अधीरा को घायल कर दिया। जिसका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। हालांकि अभी क्षेत्र मे दहशत बरकरार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *