अल्मोड़ा। वन विभाग के सोमेश्वर रेंज मे जंगल की आग बुझाने गए युवक की जिंदा जलकर मौत हो गयी। घटना के बाद परिवार मे मातम और क्षेत्र मे शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार हवालबाग विकास खंड के ग्राम खाई कट्टी, तिखूनकोट से सटे सिविल वन क्षेत्र मे गुरुवार को आग धधक गयी। ग्रामीणों के साथ आग को बुझाने गया युवक महेंद्र सिंह पुत्र गोविंद सिंह उम्र 40 वर्ष आग में घिर गया। लेकिन वह चारों ओर से लगी आग के घेरे से बाहर नहीं निकल सका। और शरीर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
सूचना के बाद दूसरे दिन वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लिया। वन रेंजर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा जा रहा है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पेशे से मजदूर मृतक महेंद्र सिंह के परिवार में तीन नाबालिग बेटियां, पत्नी और बुजुर्ग माता हैं। महेंद्र के पिता की बचपन मे ही मौत हो गयी थी और उसके बाद दादी ने ही उसका पालन पोषण किया। महेंद्र मजदूरी कर परिवार को पाल रहा था और आग के एक झोंके ने हँसते खेलते परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। इस हृदय विदारक घटना के बाद उनके घर मे मातम तथा क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
गौरतलब है कि बीते दिनों सोमेश्वर तहसील के ही स्यूनराकोट गांव में भी लीसा दोहन के कार्य में लगे दो दंपति जंगल की आग की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई थी।