बागेश्वर। आपसी कहासुनी और विवाद मे एक महिला ने आवेश मे पति को पत्थर मार दिया जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात कपकोट के किरौली निवासी धीरेंद्र कांडपाल उम्र 43 वर्ष और उसकी पत्नी मुन्नी देवी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान पत्नी ने पति के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। धीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आज मृतक के भाई बसंत कांडपाल ने कपकोट थाने में वारदात की जानकारी देते हुए भाभी मुन्नी देवी पर भाई की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 304 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसका खुलासा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार का वही कमाऊ व्यक्ति था। मृतक की चार लड़कियां हैं। बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है। घटना के बाद गाँव मे शोक की लहर है।