जिन्होंने राम को नकारा, जनता उन्हें नकारेगी, कांग्रेस ने मंदिरों के पैसे को धर्मांतरण में खर्च किया
मजबूर नहीं मजबूत हाथों में है देश की कमान, बढ़ा है दुनिया में सम्मान
आजादी के बाद बाबा साहब अंबेडकर को मोदी सरकार में मिला सम्मान
श्रीनगर/ रुड़की/ देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तराखंड की तीन लोक सभा सीटों के लिए प्रचार अभियान की कमान संभाली और पौड़ी गढ़वाल सहित हरिद्वार लोकसभा और गढ़वाल लोकसभा के लिए विजय संकल्प रैलियों को संबोधित किया। तीनों रैलियों में योगी आदित्यनाथ के निशाने पर सीधे-सीधे कांग्रेस रही। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व को नकारने का काम किया, इस चुनाव में जनता उन सभी को नकारने जा रही है। योगी ने यह भी कहा कि देश की कमान इस वक्त प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत हाथों में, जिन्होंने पूरी दुनिया में भारत के सम्मान को बढ़ाया है। यह भी कहा कि मोदी सरकार में हुए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और गरीब कल्याणकारी योजनाओं का कोई सानी नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं। जब 500 वर्ष का इंतजार समाप्त करके अयोध्या में आज प्रभु राम का मंदिर बन गया तो कांग्रेसियों के स्वर बदल गए। वे अब कहते हैं कि राम सबके हैं। यह कांग्रेसी बहुरूपिये हैं। वे कहते थे कि देश के संसाधन पर पहला अधिकार मुसलमानों का है तो फिर 1947 में विभाजन क्यों कराया। यह सवाल किसी ने कांग्रेसियों से क्यों नहीं पूछा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तर प्रदेश लोकसभा की सभी 80 सीट पीएम मोदी के हवाले करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी कुछ लोगों को गफलत होती है, वे लोग मानते हैं कि यूपी में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की जो नीति है, उससे ऐसा न हो कि वे उत्तराखंड आ जाएं। मैं आश्वस्त करता हूं कि माफिया व अपराधियों को इस लायक छोड़ूंगा ही नहीं कि उप्र की सीमा क्रास कर पाएं।
रुड़की मे आयोजित विजय संकल्प रैली मे उन्होंने कहा कि आज देश मजबूर नहीं बल्कि मजबूत हाथों में है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव नेशन फर्स्ट और फैमिली फर्स्ट की सोच वालों के बीच में है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में बाबा साहब को पहली बार मोदी सरकार ने सम्मान दिया है। सरकार ने पंचतीर्थ बनाकर उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की है। उन्होंने कहा कि देश में हुए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और गरीब कल्याणकारी योजनाओं का कोई सानी नहीं है। विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित भाजपा का संकल्प पत्र इस बात को दोहरा रहा है कि हमें हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना है। उन्होंने बताया कि अगले पांच साल में देश में तीन करोड़ गरीबों को मकान दिया जाएगा।
बन्नू ग्राउंड पर आयोजित विशाल जनसभा में सीएम ने यहां से फिर कमल खिलाने की अपील की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की 85 सीटें मोदी के गले का हार बनेंगी। पूरे देश में विश्वास पैदा हुआ है।