जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही भाजपा, यह गढ़वाल की जनता की जंग
देहरादून। कांग्रेस के पौडी लोस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने महाराष्ट्र के इनकम टैक्स कार्यालय से उन्हें समन भेजने को भाजपा का डर बताया और जांच एजेंसियों के दुरूपयोग का आरोप लगाया।
प्रदेश मुख्यालय मे प्रेस वार्ता मे उन्होंने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र के ठाणे से इनकम टैक्स की ओर से समन जारी किए गए हैं और उन्हें 22 मार्च को व्यक्तिगत रूप से महाराष्ट्र के आईटी कार्यालय में तलब किया गया है। यह उनके चुनाव के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने के लिए किया जा रहा है, लेकिन वह डरने वाले नही है। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए अपने प्रतिद्वंदियों को हतोत्साहित करने के लिए हथकंडे अपनाती रही है।
गोदियाल ने कहा कि अब जबकि गढ़वाल के लोकसभा क्षेत्र से आ रहे तमाम सर्वे में कांग्रेस कैंडिडेट पक्ष मे हैं तो उसी समय नोटिस की कार्यवाही कर उनको उलझाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को कुचलने के लिए केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करती आ रही है। केंद्र सरकार उन्हे गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से जीतने नहीं देना चाहती, लेकिन यह गढ़वाल की जनता की जंग है जिसको अंतिम समय तक लड़ा जाएगा। पौडी की जनता दिल्ली से आये पैरासूट को स्वीकार नही कर पा रही है।