देहरादून। कांग्रेस ने लोक सभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। राजधानी के बन्नू कालेज ग्राउंड मे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जहाँ भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर बरसे तो वहीं कार्यकर्ताओ से एकजुटता के साथ पूरे जोश और उत्साह के साथ काम करने और केंद्र में कांग्रेस की सरकार के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस समय देश की जनता को मोदी सरकार के अन्याय और अत्याचार से बचाना है।
अग्निवीर योजना से सड़क पर संघर्ष को मजबूर हैं युवा
खड़गे ने अग्निवीर योजना को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा नौजवानों को ठगने के लिए अग्निवीर योजना लाई। इस योजना में 4 साल तक अग्निवीर बनाएंगे और 4 साल के बाद उस नौजवान का क्या होगा? वह रास्ते मे ही घूमेगा? उसको भर्ती क्यों नहीं करेंगे? जिन नौजवानों ने पहले की भर्ती प्रक्रिया में तैयारी की थी, वो भाजपा की अग्निवीर योजना के चलते, सड़क पर संघर्ष करने पर मजबूर हैं।
अंकिता भंडारी और जोशीमठ आपदा के मुद्दे को भी छुआ
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अंकिता भंडारी केस में भाजपा वाले दोषी हैं, उनको क्यों पकड़ नहीं सकते? हमारी बेटी के हत्यारों को बग़ल में लेकर घूमते हैं। ऐसे कितने और केस हैं, किसी को नहीं मालूम। बाहर निकले मामले तो पता लग जाते हैं, लेकिन छिपे मामले किसी को पता नही लगते। उन्होंने कहा कि जोशीमठ आपदा से जो घर गिर गए उसको भी भाजपा ने नहीं देखा। उस हादसे में भी भाजपा ने जनता की मदद नहीं की और ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या करना चाहिए, उनके पास वो भी सोच नहीं है।
हमें देशभक्ति न सिखाएं भाजपा
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोगों ने देश के लिए बलिदान दिया। महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने देश की एकता के लिए अपनी जान दी। जवाहरलाल नेहरू आजादी के लिए जेल में रहे, लेकिन बीजेपी के कितने कार्यकर्ताओं ने देश के लिए अपनी जान दी? जब देश में आजादी का आंदोलन चल रहा था, तब बीजेपी के लोग अंग्रेजों से सरकारी नौकरी मांग रहे थे।
कांग्रेस ने बनाये कारखाने और बांध,बीजेपी ने कुछ नही किया
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की सोच विकास की रही। कांग्रेस ने कारखाने और बांध बनवाए तो बीजेपी ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आजादी के बाद बड़े-बड़े कारखाने और बांध बनवाए। कांग्रेस सरकार ने एम्स, आईआईएम, भेल, हेल, ओनजीसी, सेल जैसे कई संस्थान और कंपनियां बनाई इनसे लोगों को रोजगार मिला। कांग्रेस देश के गरीबों के लिए मनरेगा और फूड सिक्योरिटी लेकर आई, लेकिन मोदी सरकार ने गरीबों के लिए कुछ भी नहीं किया है।
खुद को विष्णु अवतार समझ रहे मोदी
खड़गे ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी खुद को विष्णु का अवतार समझते हैं। वे विष्णु के 10 अवतारों के बाद अब 11वां अवतार बनने निकले हैं। इसके उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने सभी के खाते में 15 लाख रुपए आने और 2 करोड़ नौकरियां देने की बात कही थी। साथ ही किसानों की आमदनी दोगुनी करने का दावा किया था, लेकिन किया कुछ भी नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार खाली पद भी नही भर पा रही है। रेलवे समेत कई सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली पड़े हैं।
फ्लाइट में चढ़ने और उतरने को लेनी पड़ती है परमिशन
खड़गे ने कहा कि ‘मुझे गुलबर्गा से निकलने में थोड़ी देर हो गई, क्योंकि आज कल फ्लाइट में चढ़ने से लेकर उतरने तक पीएम मोदी की इजाजत लेनी पड़ती है। हमेशा से ही मोदी सरकार हमें परेशान करती आई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग हिम्मत वाले हैं जो हिमालय की गोद में रहकर पूरे देश की रक्षा करते हैं। यहां के लोग देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का आहुति देते हैं, लेकिन आज कल पीएम मोदी देश को बचाने का क्रेडिट भी उत्तराखंड के बदले, खुद को ही दे रहे हैं।
न्याय यात्रा मे डाला जा रहा है खलल
खड़गे ने कहा कि जब से हमारी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकली है, तब से बीजेपी ने रोकने और डराने की पूरी कोशिश की। असम में यात्रा को रोका गया, गाड़ियों पर पत्थर फेंके गए और पोस्टर भी फाड़ दिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी, लेकिन ऐसी घटना कहीं नहीं हुई. जैसी असम में हुई है। लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
मंच का संचालन वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, गणेश गोदियाल, तिलकराज बेहड़, लक्ष्मी अग्रवाल सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।