देहरादून। मसूरी मे दबिश के दौरान बदमाश की गोली लगने से घायल दरोगा की हालत ओपरशन के बाद खतरे से बाहर हो गयी है। घायल दरोगा का आज मैक्स अस्पताल मे जटिल आपरेशन किया गया जहाँ डाक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी है।
शनिवार देर रात पुलिस ने मसूरी के होटल मे मारा छापा
13 जनवरी को रायपुर-थानों रोड स्थित बड़ासी पुल के नीचे एक महिला बेहोशी की हालत में मिली थी। दून अस्पताल में जब महिला के सिर का ऑपरेशन किया गया तो उसकी सिर से एक गोली निकली। महिला की बहिन ने शिनाख्त कर मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस महिला को गोली मारने की गुत्थी को सुलझाने मे लगी थी।
बदमाश ने दरोगा पर चला दी थी गोली
शनिवार को देर रात पुलिस को महिला के पति के मसूरी के होटल मे होने का इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस ने होटल मे दबिश दे दी। होटल के बाहर देखते ही आरोपी ने दरोगा मालदेवता चौकी इंंचार्य एसआई मिथुन कुमार पर गोली चला दी जो उनके पेट पर लगी। पुलिस की भी जवाबी कार्रवाई में आरोपी को पैर में गोली मारी। दरोगा को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घायल बदमाश को भी अस्पताल भर्ती कराया गया।
आज दरोगा का आपरेशन किया गया जो सफल रहा। चिकित्सकों ने दरोगा की हालत खतरे के बाहर बतायी है।
बेहतर इलाज को सीएम ने दिये निर्देश
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी को घायल पुलिसकर्मी के बेहतर इलाज और आरोपी पर कठोर कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिये हैं।