देहरादून। थानों रोड बड़ासी पुल के नीचे मिली घायल महिला के सिर से बुलेट मिली है। पुलिस ने मामले मे मुकदमा दर्ज कर लिया है।
13 जनवरी की शाम को लोगो ने एक महिला को घायल अवस्था मे देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस को घायल महिला मौके पर बेहोशी की हालत में मिली, जिसके सर पर चोट के निशान थे। महिला को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु दून अस्पताल भर्ती कराया गया। महिला की पहचान हेतु उसकी फ़ोटो व वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया।
जनपद हरिद्वार में एक फेसबुक पोस्ट में देखकर घायल महिला की बहन काव्या द्वारा थाना रायपुर पुलिस से संपर्क किया तथा रविवार को दून अस्पताल पहुँची। जिसने महिला की पहचान अपनी बड़ी बहन तानिया पुत्री हेमराज चौहान निवासी- ज्वालापुर निकट पूजा स्वीट्स, हरिद्वार के रूप में की। महिला के बारे में जानकारी मिली कि उसके पति का नाम शुभम पुत्र प्रभु दयाल निवासी सोनीपत हरियाणा है। महिला तानिया व शुभम की वर्ष 2020 में लव मैरिज हुई थी। विवाह में दोनो परिवार के कुछ ही सदस्य शामिल हुए थे। शादी के बाद तानिया अपने पति के साथ सोनीपत में ही रहती थी। महिला का अपने मायके वालों से कम ही संपर्क होता था। विवाह के बाद 4-5 बार ही अपने पति व ससुर के साथ घर आई थी। तानिया ने अपनी छोटी बहन काव्या से करीब 2 महीने पहले फोन पर बात की थी। महिला के ससुर व उसके भाइयों के मध्य भी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद की जानकारी मिली है। सितंबर 2023 को महिला के ससुर प्रभु दयाल के भी घर से कही चले जाने तथा इस संबंध में सोनीपत थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस को प्राप्त हुई है। उसके बाद उक्त महिला व उसके पति के भी घर से कही चले जाने तथा अपना नंबर स्विच ऑफ कर लेने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
महिला के DD के लिये मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट दी गई, किंतु बयान देने की स्थिति में न होने के कारण बयान रिकॉर्ड नही हो पाये। डॉक्टर द्वारा महिला का सिटी स्कैन देखकर सिर के अंदर कुछ फंसा हुआ होना बताया गया, जिसका ऑपरेशन करने पर सर से बुलेट निकली है। महिला की बहन की तहरीर पर थाना रायपुर पर धारा 307 मे मुकदमा पंजीकृत किया गया है।