नैनीताल/देहरादून। नैनीताल से लगे सौड़ गांव में आज घास लाने गयी महिला भालूओं के झुंड द्वारा किये गए हमले मे गंभीर रूप से घायल हो गयी। महिला को किसी तरह साथ मे मौजूद अन्य ने छुड़ा लिया।
सौड़ गांव की खष्टी देवी अपने खेत के पास जंगल में मवेशियों के लिये घास लेने गई थी। इस दौरान तीन भालुओं ने हमला कर दिया। पास ही मौजूद अन्य नीरज बिष्ट, पुष्कर बिष्ट, दीपा जोशी, सुनीता उसके साथ मौजूद थे। इसी बीच भालूओ के झुंड ने महिला पर हमला किया मगर नीरज और पुष्कर ने साहस का परिचय देते हुवे भालूओं पर डंडे और पत्थरों से हमला कर खष्टी देवी को उनके चंगूल से छुड़ाया।
लहूलुहान स्थिति मे महिला को ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए बीडी पाण्डे जिला चिकित्सालय लाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। ग्राम प्रधान वीरेंद्र बिष्ट ने बताया गांव के जंगलों में भालू आम बात है, लेकिन खेत के पास जंगल में पहले कभी नहीं देखा गया। पहली बार उन्होंने भालू खेत के पास देखा है। गांव के लोग जानवरों के लिए चारा लेने जाते हैं और अब ग्रामीणों के लिए खतरा बढ़ गया है।उन्होंने वन विभाग से भालुओं के हमले से निजात दिलाने की मांग की है।