देहरादून। उत्तराखंड मे मानसून की विदाई गहरे जख्म दे रही है। चमोली के नंदानगर ( घाट) विकास खंड से 10 किलोमीटर दूर सरपाणी गांव में शुक्रवार रात को एक घर मे बज्रपात हो गया जिसमे दो लोगों की मौत हो गयी। मृतक देवर और भाभी है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। बताया जाता है कि रात को तेज गति से गरज रहे बादलों के बीच गाँव के एक मकान मे जोरदार धमाके की आवाज आयी।
गांव की हेमा देवी पत्नी नरेश लाल, उम्र 35 वर्ष और जयप्रकाश पुत्र दीवानी लाल, उम्र 31 वर्ष अपने-अपने कमरों में सोये हुए थे तभी रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक तेज आवाज के साथ घर पर बज्रपात हो गया। घटना में दोनों बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीण उन्हें सामुदायिक केंद्र नंद नगर ले गए जहाँ चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।
थाना पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण नंदानगर थाना पुलिस टीम ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रदेश मे मानसून की विदाई का वक्त है, लेकिन कुदरत का कोप थमने का नाम नही ले रहा है।