देहरादून/सतपुली/पिथौरागढ। सतपुली-गुमखाल मार्ग पर ट्रक के खाई मे गिरने के बाद पुलिस ने चालक का शव बरामद किया है।
शनिवार को देर शाम जिला नियंत्रण कक्ष पौड़ी से SDRF पोस्ट सतपुली को सूचना प्राप्त हुई कि सतपुली-गुमखाल मार्ग पर बैर गांव के समीप एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है।सूचना प्राप्त होते ही हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में SDRF पोस्ट सतपुली की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद SDRF जवानों ने रात के घने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच सावधानीपूर्वक गहरी खाई में उतरकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान टीम को खाई में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान *देवेंद्र (45 वर्ष), पुत्र राजेंद्र, मूल निवासी पैठणी थापलू के रूप में हुई।
मृतक के शव को खाई से बाहर निकालकर अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पिथौरागढ मे खाई मे गिरा वाहन, 1 की मौत, 4 घायल
स्वाला, टनकपुर रोड, जनपद चंपावत के पास एक महिंद्रा XUV300 वाहन (UP32MC7924) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20–30 मीटर नीचे खाई में जा गिरा तथा पेड़ पर अटक गया। वाहन में कुल पांच व्यक्ति सवार थे, जिनमें से चार व्यक्ति सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए, जबकि एक व्यक्ति वाहन से छिटककर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ जवानों ने गहरी खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे व्यक्ति को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया। उक्त व्यक्ति की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा, निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई, जो मृत अवस्था में पाया गया।
